Nainital: पारंपरिक होमस्टे और वर्षा जल संग्रहण पर डीएम ने किया जोर

नैनीताल: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार नैनीताल में वीर चंद सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना तथा दीनदयाल उपाध्याय घर आवास (होमस्टे) योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों पर विचार कर पात्र आवेदकों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में दीनदयाल उपाध्याय होमस्टे योजना के अंतर्गत कुल आठ आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से समिति द्वारा सात आवेदनों को स्वीकृति दी गई। वहीं, वीर चंद सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वाहन मद में प्राप्त चार आवेदनों में से तीन तथा गैर-वाहन मद में प्राप्त दो आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि होमस्टे निर्माण के दौरान संबंधित प्राधिकरणों के नियमों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि होमस्टे भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी स्थापत्य शैली में किया जाए, ताकि स्थानीय संस्कृति की पहचान बनी रहे और पर्यटन को बढ़ावा मिले। साथ ही उन्होंने वर्षा जल संचयन को अनिवार्य रूप से अपनाने पर विशेष बल दिया, जिससे जल संरक्षण के साथ पर्यावरणीय संतुलन भी सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी चंदा फर्त्याल, जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल, जिला विकास प्राधिकरण अधिकारी सुधांशु सिंह, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई, एआरटीओ जितेंद्र सिगवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





