उत्तराखंड

Nainital: कड़ी मेहनत से अजय ने पाई वैज्ञानिक पद पर सफलता

Admindelhi1
27 Jun 2026 11:45 AM IST
Nainital: कड़ी मेहनत से अजय ने पाई वैज्ञानिक पद पर सफलता
x
परमाणु ऊर्जा विभाग में अजय को मिली बड़ी सफलता

नैनीताल: नैनीताल जनपद के ओखलकांडा विकासखंड के भद्रकोट ग्राम निवासी अजय महरा का देश के परमाणु ऊर्जा विभाग में वैज्ञानिक पद पर चयन हुआ है। चयन के बाद उन्हें मुंबई स्थित भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) प्रशिक्षण केंद्र में एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा और प्रशिक्षण के उपरांत नियुक्ति की जाएगी। अजय की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का वातावरण है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय महरा ने सेंट लॉरेंस पब्लिक स्कूल हल्द्वानी से हाईस्कूल 96 प्रतिशत अंकों तथा इंटरमीडिएट 9.4 सीजीपीए के साथ उत्तीर्ण किया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज से बीएससी तथा एमबीजीपीजी कॉलेज हल्द्वानी से एमएससी (भौतिक विज्ञान) की उपाधि प्राप्त की।

उन्होंने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) एवं नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की। वर्ष 2026 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की ओर से आयोजित ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) परीक्षा में उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 22वीं रैंक प्राप्त की। इसके आधार पर परमाणु ऊर्जा विभाग में भौतिक विज्ञान विषय के 29 वैज्ञानिक पदों में उनका चयन हुआ।

अजय ने अपनी पूरी शिक्षा स्वाध्याय के माध्यम से पूरी की। उनके पिता धरम सिंह महरा असम राइफल्स में कार्यरत हैं, जबकि माता दीपा महरा का तीन वर्ष पूर्व कैंसर से निधन हो गया था। बीएससी की पढ़ाई के दौरान अजय ने अपनी माता की देखभाल भी की। उनकी छोटी बहन काजल ने भी आईआईटी जैम परीक्षा में अखिल भारतीय 325वीं रैंक प्राप्त की है। अजय ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उनके मामा पंकज कुलौरा उत्तराखंड उच्च न्यायालय और सत्र न्यायालय में अधिवक्ता हैं।

इस उपलब्धि पर सेवानिवृत्त कर्नल डॉ. गिरिजा शंकर मुनगली, नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, सिंथिया पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रविंद्र रौतेला, सेंट लॉरेंस पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक सुनील जोशी, डॉ. रेखा पांडे, हेमंत बोरा, गोपाल गंगोला, मनोज साहनी, आशीष दुम्का, जसविंदर सिंह भसीन, मोहम्मद अबरार, अनिल मुनगली, डॉ. पुनीत गोयल, चंद्र विजय बिष्ट और विनोद कश्यप सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी।

Next Story