Nainital: एनसीसी मीनू शिविर में साहसिक गतिविधि, कैडेटों ने नैनी झील में 29 किमी नौकायन किया

नैनीताल: एनसीसी की 5 यूके नेवल यूनिट मीनू शिविर-2026 नैनीताल में आयोजित हो रहा है। आयोजन के दूसरे दिन कैडेटों ने नैनी झील में 29 किलोमीटर का नौकायन पूरा किया। शिविर के दौरान कैडेटों को नौकायन, पाल नौका संयोजन, जीवन रक्षक तकनीकों, प्राथमिक उपचार तथा हृदय-फेफड़ा पुनर्जीवन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 17 से 26 अगस्त तक आयोजित शिविर में 60 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि कैडेटों को पाल नौका के विभिन्न हिस्सों, संयोजन की प्रक्रिया और नौकायन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए जीवन रक्षक तकनीकों, प्राथमिक उपचार और हृदय-फेफड़ा पुनर्जीवन का प्रशिक्षण भी कराया गया।
दूसरे दिन के 29 किलोमीटर नौकायन के साथ दो दिनों में कैडेट 61 किलोमीटर की दूरी पूरी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य कैडेटों को नौसैनिक प्रशिक्षण के साथ आत्मनिर्भर, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक पेटी ऑफिसर प्रशांत तोमर, चीफ पेटी ऑफीसर विक्रांत सिंह, पेटी ऑफीसर दीपक कुमार व अनूप कुमार तथा कैडेट इंस्ट्रक्टर दिव्या यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





