उत्तराखंड

Nainital: मनसा देवी मंदिर के पास हादसा, थार गिरकर खुर्पाताल झील के पास पहुंची

Admindelhi1
15 Aug 2026 7:08 PM IST
Nainital: मनसा देवी मंदिर के पास हादसा, थार गिरकर खुर्पाताल झील के पास पहुंची
x
मनसा देवी मंदिर के पास थार के खाई में गिरने से मचा हड़कंप

नैनीताल: नैनीताल में लगातार दूसरे दिन पर्यटकों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी पर नैनीताल घूमने आये पांच पर्यटक शनिवार सुबह नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर दुर्घटना का शिकार हो गये। नगर से लगभग 7 किमी पहले खुर्पाताल के निकट मनसा देवी मंदिर के पास उनकी थार लगभग 300 फीट गहराई में खुर्पाताल झील की ओर गिर गयी। गनीमत रही कि झील में नहीं डूबी। पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल व अग्निशमन बलों ने संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सालय के लियसंदर्भित किया गया।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजरात राज्य की पंजीकरण संख्या जीजे18बीके-9777 नंबर की की थार कालाढूंगी से नैनीताल की ओर आ रही थी। मनसा देवी मंदिर के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहराई में स्थित खुर्पाताल झील की ओर गिर गया और लगभग झील के पास ही पहुंच गया। सूचना मिलते ही कोतवाल राजेंद्र रावत के नेतृत्व में पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, अग्निशमन कर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गिरती कार से ऊपर ही छिटक गये दो घायलों को रस्सियों के सहारे उतरकर व खींचकर सड़क तक लाया गया, जबकि शेष घायलों को झील की ओर से नीचे निकालकर जिला चिकित्सालय लाया गया।

दुर्घटना में नोएडा निवासी निधि श्रीवास्तव (22), उसका भाई शिवेंद्र श्रीवास्तव (25), राजस्थान निवासी लिवांशु (20), जयपुर निवासी ईश्वर्या (21) और कानपुर निवासी पिंकी (21) घायल हुए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल एक युवक व युवती को एंबुलेंस के भीमताल से आने में विलंब को देखते हुए कोतवाल ने स्वयं अपने वाहन से बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के उपरांत दोनों गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सालय संदर्भित किया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस मान रही है कि रात भर चलने के कारण थकान अथवा अन्य कारणों से दुर्घटना हुई होगी। फिलहाल दुर्घटना के घायल पुलिस को कोई कारण नहीं बता सके।

Next Story