उत्तराखंड

Nainital: कमर्शियल पायलट लाइसेंस पाकर आमिर ने बढ़ाया प्रदेश का सम्मान

Admindelhi1
19 Jun 2026 11:40 AM IST
Nainital: कमर्शियल पायलट लाइसेंस पाकर आमिर ने बढ़ाया प्रदेश का सम्मान
x
आमिर की उपलब्धि पर उत्तराखंड में खुशी की लहर

नैनीताल: नैनीताल जनपद के हल्द्वानी के बनभूलपुरा निवासी युवक आमिर आलम अंसारी ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त कर क्षेत्र और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों तथा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आमिर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष तथा सामाजिक, राजनीतिक एवं बीमा व्यवसाय से जुड़े जहीर आलम अंसारी के पुत्र हैं। आमिर ने काठगोदाम स्थित सेंट टेरेसा विद्यालय से प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया।

इसके बाद इन्होंने मध्य प्रदेश स्थित चाइम्स एविएशन एकेडमी से व्यावसायिक पायलट प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा निर्धारित उड़ान घंटे पूरे करने के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय से कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त किया। लाइसेंस मिलने के बाद जब आमिर पहली बार पायलट की वर्दी में अपने बनभूलपुरा स्थित आवास पहुंचे तो परिजनों और क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं एवं पुष्पगुच्छों के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर लोगों ने उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया। पिता जहीर आलम अंसारी ने शुभचिंतकों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता परिवार के सहयोग, शुभेच्छुओं की शुभकामनाओं और ईश्वर की कृपा का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आमिर भविष्य में विमानन क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Next Story