उत्तराखंड

Nainital: गिर्दा और प्रताप भैया की स्मृति में सजेगी पोस्टर प्रदर्शनी, कल से आयोजन

Admindelhi1
22 Aug 2026 10:16 AM IST
Nainital: गिर्दा और प्रताप भैया की स्मृति में सजेगी पोस्टर प्रदर्शनी, कल से आयोजन
x
हिमालय संग्रहालय में गिर्दा और प्रताप भैया की यादें होंगी जीवंत, कल से प्रदर्शनी

नैनीताल: कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर नैनीताल स्थित इतिहास विभाग के हिमालय संग्रहालय में जनकवि एवं सांस्कृतिक आंदोलन के प्रमुख हस्ताक्षर गिर्दा और उत्तराखंड में शिक्षा की अलख जगाने वाले उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे प्रताप भैया की स्मृति में 22 से 29 अगस्त तक पोस्टर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को दोनों विभूतियों के जीवन, व्यक्तित्व और योगदान से परिचित कराना है।

इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. संजय घिल्डियाल और हिमालय संग्रहालय की प्रभारी प्रो. सावित्री कैड़ा जंतवाल ने बताया कि 2010 में 22 अगस्त को गिर्दा और 23 अगस्त को प्रताप भैया का निधन हुआ था। गिर्दा को उत्तराखंड में जन आंदोलन, कविता, रंगकर्म, नाटक, संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान के लिए याद किया जाता है, जबकि प्रताप भैया ने प्रदेश में शिक्षा के प्रसार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। प्रतिवर्ष 23 अगस्त को भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, नैनीताल में प्रताप भैया को श्रद्धांजलि दी जाती है। इस वर्ष से हिमालय संग्रहालय ने दोनों स्मृति दिवसों पर उनके जीवनवृत्त और विभिन्न आयामों पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी को वार्षिक परंपरा के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रदर्शनी 22 से 29 अगस्त तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

Next Story