Nainital: दीनदयाल योजना में चयनित 33 बुजुर्ग हुए बद्रीनाथ के लिए रवाना

नैनीताल: उत्तराखंड सरकार की दीन दयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अन्तर्गत जनपद नैनीताल के 60 वर्ष से अधिक आयु के 33 बुजुर्गों को चार दिवसीय तीर्थ यात्रा पर बद्रीनाथ धाम के दर्शन हेतु रवाना किया गया है। इनमें 18 महिलाएं और 15 पुरुष यात्री सम्मिलित हैं।
मंगलवार को पर्यटक आवास गृह सूखाताल से यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा प्रारम्भ की गई। यात्रा दल नैनीताल से रानीखेत, कर्णप्रयाग, जोशीमठ होते हुए श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचेगा और दर्शन उपरांत पुनः नैनीताल लौटेगा। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंदन बिष्ट और भूपेंद्र क्वीरा भी उपस्थित रहे।
बताया गया कि इस योजना के तहत प्रदेश सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थाटन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल सके। अधिकारियों ने यात्रियों के सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की कामना करते हुए व्यवस्था से जुड़े सभी कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।





