उत्तराखंड

Mussoorie: मसूरी में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए शटल सेवा शुरू

Admindelhi1
22 May 2026 3:37 PM IST
Mussoorie: मसूरी में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए शटल सेवा शुरू
x
मसूरी में वाहनों की भीड़ कम करने को प्रशासन सक्रिय

मसूरी: पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते ट्रैफिक दबाव और घंटों लग रहे जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर में किंक्रेग से शटल सेवा शुक्रवार से शुरू की जाएगी, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए एसडीएम राहुल आनंद, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन और कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने किंक्रेग पहुंचकर पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग संचालकों और टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शटल सेवा की रूपरेखा तय की गई।

एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि पर्यटन सीजन में शहर के भीतर बड़े पर्यटक वाहनों और टेंपो ट्रैवलर्स के प्रवेश से लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। नई व्यवस्था के तहत ऐसे वाहनों को किंक्रेग पार्किंग में ही रोका जाएगा। वहां से पर्यटकों को लाइब्रेरी चौक, कुलड़ी और अन्य प्रमुख स्थानों तक शटल सेवा के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। किंक्रेग से लाइब्रेरी तक शटल सेवा का संचालन किंक्रेग टैक्सी एसोसिएशन करेगी, जबकि बड़े मोड़ से पिक्चर पैलेस तक पर्यटकों को पहुंचाने की जिम्मेदारी मसूरी टैक्सी यूनियन निभाएगी। प्रशासन ने टैक्सी चालकों को निर्देश दिए हैं कि पर्यटकों को गंतव्य तक छोड़ने के बाद वाहन तुरंत वापस लौटेंगे, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

प्रशासन की ओर से लाइब्रेरी और मैसोनिक लॉज क्षेत्र में विशेष ड्रॉपिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। साथ ही व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए वालंटियर भी तैनात किए जाएंगे। किंक्रेग क्षेत्र में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि ट्रैफिक बाधित न हो।

गौरतलब है कि जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से पूर्व में भी मसूरी में शटल सेवा का सफल प्रयोग किया जा चुका है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार भी यह व्यवस्था पर्यटन सीजन में जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित करने में कारगर साबित होगी।

Next Story