उत्तराखंड

Mussoorie: पिकअप चालक की संदिग्ध मौत का मामला, मसूरी पुलिस ने शुरू की पड़ताल

Admindelhi1
14 Aug 2026 10:00 AM IST
Mussoorie: पिकअप चालक की संदिग्ध मौत का मामला, मसूरी पुलिस ने शुरू की पड़ताल
x

मसूरी: मसूरी के ओल्ड मैगी पॉइंट के पास गुरुवार को 21 वर्षीय पिकअप चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मृतक की पहचान मनीष कुमार पुत्र दर्शन लाल, निवासी टकराना, कैंपटी, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मनीष कुमार पिकअप वाहन चलाता था। वह गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे मसूरी से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। सुबह उसका भाई अनुज भी अपने पिकअप वाहन से देहरादून की ओर जा रहा था। इसी दौरान ओल्ड मैगी पॉइंट के पास उसने मनीष का वाहन सड़क किनारे खड़ा देखा।

संदेह होने पर अनुज वाहन के पास पहुंचा, जहां उसने मनीष को वाहन के बाएं डाले पर रस्सी के सहारे लटका देखा। उसने तत्काल उसे नीचे उतारा और वाहन के अंदर लिटाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर फोटोग्राफी और आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Story