डीपीएस हल्द्वानी में मॉडल यूनाइटेड नेशंस का आगाज, 145 से अधिक विद्यार्थी शामिल

हल्द्वानी: दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में अस्पिरेट्स लर्निंग के सहयोग से दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में 145 से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। आठ समितियों के माध्यम से विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और विद्यालय की कॉयर टीम के सामूहिक गायन से हुआ। प्रधानाचार्या रंजना शाही तथा अस्पिरेट्स लर्निंग के संस्थापक प्रियंशु ग्रोवर एवं आदर्श ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करने, वैश्विक समस्याओं को समझने, कूटनीतिक संवाद करने और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, शोध कौशल, तार्किक चिंतन और वैश्विक नागरिकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन का पहला दिन उत्साहपूर्ण बौद्धिक संवाद के साथ संपन्न हुआ।





