उत्तराखंड

विधायक सुमित हृदयेश ने नगर निगम को लगाई जमकर फटकार, जानिए पूरा मामला

Admin Delhi 1
29 Sep 2022 8:52 AM GMT
विधायक सुमित हृदयेश ने नगर निगम को लगाई जमकर फटकार, जानिए पूरा मामला
x

हल्द्वानी न्यूज़: दिनों दिन बढ़ती आबादी के बीच हल्द्वानी की व्यवस्थाएं नगर निगम और प्रशासन सुधार नहीं पा रहा है। शहर में सड़क किनारे कूड़े के ढेर लग रहे हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार बेफिक्र हैं। गुरुवार को इंद्रानगर क्षेत्र के लोगों की शिकायत पर विधायक सुमित हृदयेश गौलापास बाईपास रोड स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड के बाहर पहुंचे। यहां सड़क किनारे कूड़े का ढेर देखकर विधायक भी हैरान रह गए। सड़क पर उठ रही गंध से विधायक को नाक पर हाथ रखने को मजबूर होना पड़ा। लोगों ने विधायक को बताया कि अक्सर कूड़े के ढेर में आग लगा दी जाती है, जिससे उठने वाले धुएं से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। कई लोग गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। लेकिन नगर निगम के जिम्मेदार बेफिक्र हैं।

नाराज विधायक ने मौके से नगर आयुक्त को फोन लगाया लेकिन संपर्क नहीं हुआ। जिसके बाद विधायक ने सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन से संपर्क साधा और नाराजगी जाहिर की। विधायक ने कूड़ा निस्तारण के लिए निगम की हीलाहवाली पर नगर आयुक्त को आड़े हाथों लिया और जल्द से जल्द समस्या के समाधान करने को कहा। विधायक सुमित हृदयेश ने दो टूक कहा कि अगर 15 दिन के भीतर कूड़ा निस्तारण का प्रबंध नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोगों के साथ निगम के खिलाफ हल्लाबोल किया जाएगा।

Next Story