कंगना रनौत को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट, अज्ञात लोगों पर मुकदमा
देहरादून: सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो के साथ कथित तौर पर भ्रामक दावे जोड़कर प्रसारित करने का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत से जुड़े इस प्रकरण में देहरादून के राजपुर थाने में अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को यह शिकायत भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने दी है। सोमवार को थाने पहुंचकर उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना रनौत के राजस्थान के जोधपुर स्थित तीन धार्मिक स्थलों के पुराने वीडियो को नए और भ्रामक दावों के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।
शिकायत के मुताबिक, इन वीडियो में कंगना को गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करते देखा जा सकता है। आरोप है कि पुराने वीडियो के साथ ऐसे कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियां जोड़ी जा रही हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि उन्होंने 29 अक्टूबर को प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए व्रत रखा था।
शिकायतकर्ता ने इसे सांसद की छवि और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाला प्रयास बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह की सामग्री से महिलाओं के सम्मान और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
मामले में पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी के साथ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जांच की जिम्मेदारी डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई है।
अब पुलिस वायरल सामग्री के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, पोस्ट साझा करने वालों और उनके संचालकों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोपों की पुष्टि और संबंधित व्यक्तियों की पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





