उत्तराखंड

ममता के कत्ल का हुआ खुलासा: वेल्डर ने कर्ज चुकाने के लिए की थी पुलिस वाले की पत्नी की हत्या

Admin Delhi 1
7 Nov 2022 2:24 PM GMT
ममता के कत्ल का हुआ खुलासा: वेल्डर ने कर्ज चुकाने के लिए की थी पुलिस वाले की पत्नी की हत्या
x

हल्द्वानी क्राइम न्यूज़ अपडेट: तमाम कयासों के बाद आखिरकार ममता के कत्ल की गुत्थी सुलझ गई। भरी दोपहर कत्ल और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले कातिल को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। कातिल ममता को पहले से पहचानता था और कर्ज के बोझ तले दबा था। इस कर्ज को उतारने के लिए कातिल ने लूट की योजना बनाई और जब योजना पर पानी फिरता दिखाई दिया तो हथौड़ी के कई वार से ममता को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि बीती तीन नवंबर की दोपहर इमली धड़ा कालिका कालोनी लोहरियासाल तल्ला मुखानी निवासी कांस्टेबल शंकर सिंह बिष्ट की पत्नी ममता बिष्ट की हत्या कर दी गई। खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गईं और एक हजार से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले गए।

जिसके बाद स्प्लैंडर बाइक की तस्दीक हुई और सीसीटीवी के सहारे पुलिस हत्यारोपी अशरफ उर्फ भूरा पुत्र अब्दुल नवी निवासी नई बस्ती किच्छा ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी अशरफ ने बताया कि वह पेशे से वेल्डर है और बीते दो साल में वह तीन बार सिपाही शंकर के घर में ग्रिल लगाने का काम कर चुका है और इसी वजह से ममता उसे अच्छे से पहचानती थी। अशरफ आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। ढाई लाख से ज्यादा का कर्ज हो चुका था और 35 हजार रुपए मासिक की दुकान का पिछले छह माह से किराया भी अदा नहीं कर पाया था। ऐसे में उसने सिपाही शंकर के घर लूट की योजना बनाई।

तीन नवंबर को वह अपनी स्प्लैंडर बाइक से शंकर के घर पहुंचा और ममता से कहा, उसने छत पर जो ग्रिल लगाई है, उसकी बाजार में बहुत डिमांड है। वह ग्रिल की फोटो खींचना चाहता था। ममता ने इसकी इजाजत दे दी, लेकिन उसे अकेले छत तक नहीं जाने दिया। ग्रिल की फोटो लेने के बाद अशरफ वापस जा रहा था और तभी जान-पहचान की वजह से ममता ने अशरफ से पानी के लिए पूछ लिया। तभी अशरफ ने कत्ल का इरादा कर लिया। जैसे ही ममता किचेन में पहुंची, अशरफ ने पीछे से उस पर हथौड़ी से एक के बाद एक पांच वार कर दिए। कत्ल के बाद घबराए अशरफ के हाथ जो लगा उसे जेब में भरा और फरार हो गया।

Next Story