हरिद्वार में गोकशी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, गोमांस और हथियार बरामद

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में अवैध पशु कटान और गोकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भगवानपुर थाना पुलिस ने ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर में एक घर पर छापेमारी की। पुलिस ने गोकशी के आरोप में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। मौके से गोमांस, कुल्हाड़ी, चार छुरियों सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में एक मकान के अंदर कथित तौर पर गोकशी की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और अब्दुल गफ्फार पुत्र यासीन निवासी नन्हेड़ा अनंतपुर तथा एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, तीसरा आरोपी पुलिस को देखकर भागने में सफल रहा।
तलाशी के दौरान पुलिस ने गोमांस, एक कुल्हाड़ी, चार छुरियां, लोहे का तसला और दो नायलॉन की रस्सियां बरामद कीं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।





