उत्तराखंड

उत्तरकाशी में बारिश से उफान पर कमल नदी, तेज धारा में बहे ग्रामीण, 5 किमी दूर मिला शव

Bhumika Sahu
9 July 2022 11:20 AM GMT
उत्तरकाशी में बारिश से उफान पर कमल नदी, तेज धारा में बहे ग्रामीण, 5 किमी दूर मिला शव
x
5 किमी दूर मिला शव

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। उत्तरकाशी: उत्तराखंड में शनिवार सुबह से कई जिलों में भारी बारिश जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पौड़ी और नैनीताल में सबसे ज्यादा भारी बारिश की संभावना जताई है। तो वहीं उत्तरकाशी जिले के नौगांव ब्लॉक में भी कमल नदी उफान पर है। नदी का बहाव इतना तेज है कि ग्रामीण बह गया। उसके बाद उसका शव पांच किमी की दूरी पर मिला। नदियों के बढ़ते जलस्तर से यहां लोगों में दहशत है। प्रदेशभर में बारिश से भारी नुकसान हुआ है। बारिश से जगह-जगह जन जीवन की अस्त व्यस्त तस्वीरें सामने आ रही हैं। गंगोत्री नेशनल हाईवे पर जहां जगह-जगह जलभराव हो गया है। वहीं पिथौरागढ़ में कई सड़कें और पुल धवस्त हो गए हैं।

कुछ दूरी पर रस्सी हुई बरामद
उत्तरकाशी जिले के नौगांव ब्लॉक (थली गांव के साड़ा तोक) में कमल नदी के तेज बहाव में गांव के केदार सिंह राणा उम्र 55 वर्ष की बह गए थे। ग्रामीण सुबह से उनकी खोज कर रहे थे। एसडीआरएफ रेस्क्यू शुरू कर पाई थी कि खोजबीन में जुटे कुछ ग्रामीणों को घटना स्थल से पांच किमी दूर केदार सिंह का शव दिखाई दिया। दरअसल शनिवार की सुबह केदार सिंह मवेशियों के लिए चारापत्ती लेने गए थे। इसी दौरान अचानक उफान में आई कमल नदी के तेज बहाव में बह गया। इसकी सूचना किसी को नहीं थी। ग्रामीण केदार सिंह की खोज कर रहे थे लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। पर कुछ दूरी पर रस्सी व दरांती बरामद हुई। इसी के आधार पर बहने की संभावना जताई गई।
भारी बारिश के चलते पुल हुआ ध्वस्त
एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। तभी खोजबीन में जुटे कुछ ग्रामीणों को घटना स्थल से पांच किमी दूर केदार सिंह का शव दिखा। उसके बाद एसडीआरएफ ने रेस्क्यू बंद कर दिया। शव की पहचान हाथ पर नाम लिखा होने से हुई है। इस समय राज्य में भारी बारिश से नदी उफान पर हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। वहीं पिथौरागढ़ में शुक्रवार की रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से थल मुनस्यारी मोटर मार्ग में द्वालीगाड पुल ध्वस्त हो गया है। इसके चलते यहां वाहनों का संचालन भी ठप हो गया है। लोग यहां जान जोखिम में डालकर पैदल आवाजाही कर रहे हैं। मुनस्यारी में सबसे अधिक 56 एमएम बारिश हुई। बदरीनाथ हाईवे डांगबैड में मलबा आने से बंद हो गया है।


Next Story