टिहरी में गुलदार की दस्तक से हड़कंप, ढाई घंटे चला रेस्क्यू

नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार कुत्ते का पीछा करते-करते घर की रसोई में जा घुसा। घटना चंबा ब्लॉक के सौंदकोटी गांव की है, जहां शुक्रवार रात करीब आठ बजे गुलदार भीम सिंह नेगी के घर में घुस गया। गनीमत रही कि उस समय परिवार के सभी सदस्य पास के घर में बारात में शामिल होने गए थे।
वन दरोगा अजयपाल सिंह पंवार के अनुसार, इगास दीपावली और शादी समारोह में पटाखों के शोर से गुलदार सहम गया और रसोई में ही फंस गया। इसकी जानकारी मिलते ही मकान मालिक और ग्रामीणों ने किचन का दरवाजा बंद कर दिया।
ग्राम प्रधान मंगल सिंह नेगी ने वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात 10:30 बजे गुलदार को ट्रैंक्यूलाइज कर सुरक्षित पिंजरे में निकाला गया। इसके बाद उसे वन चेतना केंद्र ले जाया गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, घरों के आसपास झाड़ियां साफ रखने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की अपील की है। रेस्क्यू टीम में आजाद पंवार, जयवीर लाल, विनोद सिंह और दीपक रजवार शामिल रहे।





