उत्तराखंड

पेशवाई मार्ग पर अड़चनें तलाश रहा कुंभ प्रशासन

Admindelhi1
7 Oct 2026 6:59 PM IST
पेशवाई मार्ग पर अड़चनें तलाश रहा कुंभ प्रशासन
x
अखाड़े की पेशवाई रूट की जांच शुरू

हरिद्वार: कुंभ मेला-2027 को लेकर तैयारियां तेज होने लगी हैं। अखाड़ों की पेशवाई कुंभ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अहम हिस्सा है। इसी को देखते हुए मेला प्रशासन ने अखाड़ों के साथ समन्वय कर पेशवाई मार्गों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी की पेशवाई के प्रस्तावित मार्ग का मेला प्रशासन और अखाड़े के सचिव ने स्थलीय निरीक्षण किया।

श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के सचिव श्रीमहंत राम रतन गिरी के साथ उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह गिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने गोविंदपुरी से अखाड़ा परिसर स्थित छावनी स्थल तक पूरे मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान पेशवाई में शामिल होने वाले साधु-संतों, रथों, हाथियों, ध्वजों, धार्मिक प्रतीकों और झांकियों को ध्यान में रखते हुए मार्ग की चौड़ाई, विद्युत लाइन, पेड़, प्रकाश व्यवस्था और संभावित बाधाओं की स्थिति देखी गई।

गोविंदपुरी से शुरू होकर छावनी स्थल तक पहुंचेगी पेशवाई

परंपरानुसार निरंजनी अखाड़े की पेशवाई एसएमजेएन पीजी कॉलेज परिसर, गोविंदपुरी से शुरू होकर निरंजनी अखाड़ा परिसर स्थित छावनी स्थल तक जाएगी। प्रस्तावित मार्ग में गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, सिंहद्वार, देशरक्षक तिराहा, बाबा रामदेव पुलिया, झंडा चौक, बंगाली मोड़, शंकराचार्य चौक, तुलसी चौक, वाल्मीकि चौक होते हुए निरंजनी अखाड़ा मार्ग शामिल है।

निरीक्षण के दौरान यातायात संचालन, सुरक्षा, अग्निशमन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मार्ग में संभावित अवरोधों को चिह्नित कर समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।

भव्यता के अनुरूप होंगी व्यवस्थाएं

महंत राम रतन गिरी ने कहा कि पेशवाई में बड़ी संख्या में साधु-संतों के साथ रथ, हाथी, ध्वज और झांकियां शामिल होती हैं। ऐसे में इनकी ऊंचाई और स्वरूप को ध्यान में रखते हुए मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाना जरूरी है। उन्होंने कुंभ-2027 की तैयारियों के लिए सरकार और मेला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए अखाड़ों की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह गिल ने संबंधित विभागों को समेकित कार्ययोजना के तहत समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेशवाई के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त स्तर पर सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण में उप प्रभागीय वनाधिकारी पूनम कैंथोला, सीओ कुंभ उमेश मलिक, सीओ यातायात बिपेन्द्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव समेत मेला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान, नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story