उत्तराखंड

Khatima: नेपाल सीमा क्षेत्र में कटाव रोकने को प्रशासन सक्रिय

Admindelhi1
22 May 2026 3:27 PM IST
Khatima: नेपाल सीमा क्षेत्र में कटाव रोकने को प्रशासन सक्रिय
x
"सीमा क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की तैयारी"

खटीमा: आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास के सचिव विनोद कुमार सुमन ने गुरुवार को खटीमा पहुंचकर नेपाल सीमा स्थित मेलाघाट क्षेत्र में जगबूढ़ा नदी के भू-कटाव रोकथाम के लिए प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां अत्यधिक आवश्यकता है, वहां शीघ्र बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने कहा कि जिन क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्य प्रस्तावित हैं, उनका स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। उन्होंने स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद लोहियाहेड कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी बाढ़ सुरक्षा कार्य वर्षाकाल शुरू होने से पहले पूरे कर लिए जाएं। साथ ही संभावित संवेदनशील क्षेत्रों के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार रखने को कहा गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने बताया कि नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी से एसएसबी चौकी और मेलाघाट-सिसैया क्षेत्र को खतरा बना हुआ है। इसके अलावा मोहम्मदपुर भुड़िया गांव को देवहा नदी के कटाव से बचाने के लिए भी बाढ़ सुरक्षा कार्य जरूरी हैं। सचिव सुमन ने शासन स्तर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Next Story