Kedarnath: तकनीकी खराबी के बाद ‘हेली एंबुलेंस’ की इमरजेंसी लैंडिंग

केदारनाथ: उत्तराखंड के केदारनाथ में एक ‘हेली एंबुलेंस' को तकनीकी खराबी आने के बाद आपात स्थिति में उतारा गया। हेली एंबुलेंस' में तीन लोग सवार थे। जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि ऋषिकेश स्थित एम्स द्वारा संचालित ‘हेली एंबुलेंस' सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित एक तीर्थयात्री को बचाने के लिए केदारनाथ गई थी कि तभी उसका टेल रोटर टूट गया।
जिस कारण पायलट को हेलीकॉप्टर आपात स्थिति में उतरना पड़ा। चौबे ‘हेली' सेवा के नोडल अधिकारी भी हैं। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में उतरते समय ‘हेली एंबुलेंस' में दो चिकित्सक और एक पायलट सवार थे। चौबे ने बताया कि सभी सुरक्षित हैं। हेलिकॉप्टर की टेल बॉन टूटी है। कोई घायल नहीं है। हेलिकॉप्टर में केवल पायलट सवार था। बता दें, 29 अक्तूबर 2024 को पीएम नरेंद्र मोदी ने एम्स की हेली एंबुलेंस सेवा संजीवनी का शुभारंभ किया था।
इससे पहले 8 मई को उत्तर काशी जिले के गंगोत्री में भी ऐसी घटना घटित हो चुकी है। सात सीटों वाला हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने उस घटना की भी पुष्टि की थी। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे थे, और प्रशासन ने कई आपातकालीन टीमें तैनात की थीं।





