काशीपुर और रुद्रपुर की बड़ी उपलब्धि, स्वच्छता प्रबंधन में शीर्ष स्थान

देहरादून: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत उत्तराखंड के काशीपुर और रुद्रपुर नगर निकायों को शहरी स्वच्छता एवं स्वच्छता प्रबंधन के क्षेत्र में प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया है। बुधवार को आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दोनों शहरों को यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में शहरी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, स्वच्छता बुनियादी ढांचे में सुधार, प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस दौरान उत्तराखंड के शहरी स्थानीय निकायों की स्वच्छता संबंधी पहलों और सुधारों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर काशीपुर के महापौर दीपक बाली, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर स्वास्थ्य अधिकारी रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी और स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे उपस्थित रहे।





