उत्तराखंड

Jyotirmath: आग से निपटने की तैयारी पर संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित

Admindelhi1
27 Jun 2026 11:27 AM IST
Jyotirmath: आग से निपटने की तैयारी पर संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित
x
अग्नि आपदा से निपटने की तैयारियों की परखी गई क्षमता

ज्योतिर्मठ: अग्नि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से भारतीय सेना ने गुरुवार को एनटीपीसी तपोवन टाउनशिप परिसर में 'म्यूचुअल एड स्कीम' के तहत संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया।

अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करना,आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना तथा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग का परीक्षण करना था। मॉक ड्रिल के दौरान काल्पनिक अग्निकांड की स्थिति बनाकर राहत,बचाव और चिकित्सा सहायता से जुड़ी प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया।

अभ्यास में भारतीय सेना की विभिन्न इकाइयों के अलावा एनटीपीसी तपोवन,केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग,अग्निशमन विभाग और जेपी ग्रुप सहित विभिन्न संस्थानों के कुल 212 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अग्निशमन दल ने आग पर नियंत्रण,चिकित्सा दल ने घायलों को प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने और सुरक्षा कर्मियों ने प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी,यातायात एवं भीड़ प्रबंधन का अभ्यास किया। सेना के अधिकारियों ने पूरे अभियान के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया।

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नियमित संयुक्त अभ्यास आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ कर्मचारियों की दक्षता एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को भी मजबूत करते हैं।

Next Story