उत्तराखंड

स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त टीम ने नियमितताएं सामने आने पर एक अस्पताल को किया सील

Admin Delhi 1
14 Dec 2022 2:08 PM GMT
स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त टीम ने नियमितताएं सामने आने पर एक अस्पताल को किया सील
x

बाजपुर न्यूज़: स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त टीम की छापामारी कार्रवाई जारी है। जिसके चलते दोराहा में संचालित प्राइवेट दो अस्पतालों में छापामारी कर जांच-पड़ताल की। इस दौरान अनियमितताएं सामने आने पर एक अस्पताल को सील कर दिया गया है, जबकि दूसरे अस्पताल संचालिका को व्यवस्थाएं सुधारने के लिए सात दिन का समय दिया है।

बुधवार को तहसीलदार अक्षय कुमार भट्ट व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. पंकज माथुर के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने सबसे पहले दोराहा क्षेत्र में स्थित न्यू सिटी हॉस्पिटल में छापेमारी की। जिसमें साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं थी। अस्पताल का पंजीकरण भी नहीं मिला, बावजूद इसके ऑपरेशन कक्ष संचालित पाया गया।

अस्पताल में और भी कई अनियमितताएं सामने आने पर अग्रिम आदेशों तक अस्पताल को सील कर दिया गया है। टीम ने इसके बाद मॉडर्न चाइल्ड केयर (एमसीसी जच्चा बच्चा केंद्र) हॉस्पिटल का स्थलीय निरीक्षण किया। जहां पर अस्पताल का पंजीकरण पाया गया।

कुछ कमियां सामने आईं जिन्हें दूर करने के लिए अस्पताल संचालक को सात दिन का समय दिया गया है। तहसीलदार अक्षय कुमार भट्ट ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई है। अस्पतालों के निरीक्षण का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन की इस कार्रवाई से अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा रहा।

Next Story