उत्तराखंड

हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार, भारतीय संस्कृति पर मंथन

Admindelhi1
23 Nov 2026 5:30 PM IST
हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार, भारतीय संस्कृति पर मंथन
x
गुरुकुल कांगड़ी में जुटे देश-विदेश के विद्वान, विरासत पर चर्चा

हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की ओर से 'परंपरा से परिवर्तन तक सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक प्रतिमानों में परिवर्तन' विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें देश-विदेश के विद्वानों ने भारतीय संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक सामाजिक परिवेश के बीच सामंजस्य स्थापित करने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री प्रो. सुरजीत सिंह ने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहकर और परंपराओं का सम्मान करके ही विकास को सही दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उत्तराखंड में अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है।

उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. दिनेश सिंह शास्त्री ने युवाओं से अपनी संस्कृति का सम्मान करने और उससे जुड़े रहने का आह्वान किया।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अपर महानिदेशक प्रो. संजय मंजुल ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में नई पीढ़ी को प्राचीन धरोहरों के मूल महत्व को समझना जरूरी है।

सेमिनार में प्रो. देवेंद्र कुमार गुप्ता, डॉ. जगपाल, प्रो. मीनू सांगवान और डॉ. नूरहसन सहित कई विद्वानों ने विचार रखे। कनाडा से डॉ. दलजीत सिंह ऑनलाइन शामिल हुए।

Next Story