उत्तराखंड

कुंभ 2027 के लिए एकीकृत सेनिटेशन कार्य योजना तैयार

Admindelhi1
6 Oct 2026 11:06 AM IST
कुंभ 2027 के लिए एकीकृत सेनिटेशन कार्य योजना तैयार
x
कुंभ 2027 में सेनिटेशन व्यवस्था पर विशेष जोर

हरिद्वार: कुंभ मेला 2027 में सफाई और सेनिटेशन की व्यापक व्यवस्था के लिए शासन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। सचिव शहरी विकास नितेश कुमार झा ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में कुंभ क्षेत्र के नगर निकायों, जिला पंचायतों और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने एकीकृत सेनिटेशन कार्ययोजना को एक सप्ताह में अंतिम रूप देकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सचिव ने कहा कि सफाई व्यवस्था की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी। इसके लिए शहरी विकास विभाग के डैशबोर्ड पर सभी निकायों को मैप किया जाएगा। कार्ययोजना में मेला से पहले और बाद की व्यवस्थाओं को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए। मानव संसाधन, उपकरण और सामग्री की तैयारी अभी से सुनिश्चित की जाए।

सेनिटेशन योजना के क्रियान्वयन के लिए नगर आयुक्त नंदन कुमार को समन्वय अधिकारी बनाया गया है। सभी विभाग अपनी प्रगति रिपोर्ट उन्हें देंगे।

नगर आयुक्त ने प्रस्तुतिकरण में बताया कि कुंभ क्षेत्र के 32 सेक्टरों में 13,865 टॉयलेट सीट, 8,065 एफआरपी मूत्रालय और 4,840 डस्टबिन लगाए जाएंगे। सफाई के लिए 493 वाहनों का उपयोग होगा। सीवरेज निस्तारण के लिए 6 एफएसटीपी का उपयोग किया जाएगा। दिसंबर से सफाई कर्मियों की तैनाती शुरू होगी।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ योगेन्द्र रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित समेत चार जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story