उत्तराखंड

सरकारी योजनाओं की जानकारी अब पॉडकास्ट के जरिए जनता तक पहुंचेगी

Admindelhi1
17 Nov 2026 12:47 PM IST
सरकारी योजनाओं की जानकारी अब पॉडकास्ट के जरिए जनता तक पहुंचेगी
x
बंशीधर तिवारी ने रिकॉर्ड किया डीआईपीआर का पहला डिजिटल पॉडकास्ट

देहरादून: सरकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए उत्तराखंड सूचना विभाग ने डिजिटल संचार की दिशा में नई पहल की है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग कर इस व्यवस्था की शुरुआत की।

इस पहल के माध्यम से विभाग का उद्देश्य सरकारी सूचनाओं को पारंपरिक प्रचार माध्यमों से आगे बढ़ाकर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अधिक सरल और प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराना है। पॉडकास्ट में जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और आम लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया जाएगा।

बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल तकनीक के विस्तार के साथ पॉडकास्ट सूचना साझा करने और लोगों से संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन गया है। इसके जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाई जा सकती है। साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़ी जानकारियों को भी आम नागरिकों के लिए आसानी से समझने योग्य बनाया जा सकता है।

फेक न्यूज के प्रसार पर जताई चिंता

कार्यक्रम में तिवारी ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही भ्रामक खबरों को गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन किसी भी जानकारी को आगे साझा करने से समाज में भ्रम और असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को सूचना की प्रामाणिकता जांचने के बाद ही उसे साझा करना चाहिए।

उन्होंने युवाओं और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय जानकारी और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए करने की अपील की।

स्थानीय संस्कृति को मिल रहा वैश्विक मंच

सूचना महानिदेशक ने कहा कि सोशल मीडिया ने स्थानीय परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उत्तराखंड के हरेला और इगास जैसे पर्वों के साथ छठ पूजा जैसे आयोजनों को भी डिजिटल माध्यमों से व्यापक पहचान मिल रही है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का सही उपयोग सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं से लोगों को परिचित कराने में सहायक हो सकता है।

पॉडकास्ट की शुरुआत के बाद बंशीधर तिवारी ने जिला सूचना कार्यालय का निरीक्षण भी किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अपर जिला सूचना अधिकारी रवीन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी और कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Story