
CHAMOLI चमोली, उत्तराखंड — केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना फुटपाथ और छोटे व्यवसायियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत शहरों में रेहड़ी-पटरी वाले और छोटे व्यवसायी कम ब्याज दरों पर लोन प्राप्त कर अपनी आजीविका सुधार रहे हैं। चमोली जिले में इस योजना का लाभ लेकर अब तक 600 से अधिक लोग आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन चुके हैं। लाभार्थी शांति प्रसाद नौटियाल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सरकार ने गरीबों की पीड़ा को समझा है। इस योजना के माध्यम से उन्होंने अपना कारोबार बढ़ाया और जीवनयापन सही स्थिति में कर पा रहे हैं। उन्होंने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
लाभार्थी बैजयंती देवी ने बताया कि उन्होंने नगर पालिका की मदद से योजना के तहत 10 हजार रुपये का लोन लिया और अपनी दुकान खोली। अब वह व्यवसाय का विस्तार कर रही हैं। इसी तरह धनी राम ने कहा कि योजना के जरिए लोन लेकर उनका कारोबार चल रहा है और जीवनयापन आसान हो गया है। उन्होंने जरूरतमंदों को भी इस योजना का लाभ लेने की सलाह दी। पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य शहरों में सड़क किनारे या फुटपाथ पर व्यापार करने वाले लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत छोटे व्यवसायियों और रेहड़ी-पटरी वालों को ऋण उपलब्ध कराया जाता है ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बनें।
चमोली जिले के लाभार्थियों ने बताया कि कोविड-19 महामारी के बाद यह योजना उनके लिए विशेष लाभकारी साबित हुई। नगर पालिका द्वारा उन्हें चिन्हित कर योजना में शामिल किया गया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुधरी और आमदनी में बढ़ोतरी हुई। लाभार्थियों ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल उनकी आजीविका सुरक्षित हुई बल्कि वे आत्मनिर्भर भी बने। प्रधानमंत्री मोदी ने इस योजना के माध्यम से लाखों रेहड़ी और पटरी वालों को लाभ पहुँचाया है, जिससे छोटे व्यवसायियों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। इस पहल के जरिए यह स्पष्ट हो गया है कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना न केवल गरीब और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर भी बना रही है।





