IIT रुड़की के विद्यार्थियों ने दिखाया दम, 5.80 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित

रुड़की: विद्यार्थियों के नवाचार और स्टार्टअप आइडिया को प्रोत्साहित करने के लिए IIT रुड़की में एलुमनाई-लेड वेंचर वॉल्ट 2026 का आयोजन किया गया। प्रिसर्व इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक विचारों में से 12 टीमों को फाइनल राउंड के लिए चुना गया। विजेताओं को कुल 5.80 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
प्रतियोगिता में टीम स्टैम्प्ड ने विनिर्माण और औद्योगिक AI आधारित समाधान पेश कर पहला स्थान हासिल किया। उत्सो सरकार और विनायक रायजादा की इस टीम को 2.50 लाख रुपये मिले। टीम का समाधान फोर्जिंग उद्योग में अपशिष्ट और ऊर्जा खपत कम करने पर केंद्रित है।
टीम फ्रेस्को को एक लाख रुपये का प्रथम उपविजेता पुरस्कार मिला। वहीं टीम जलAI और मॉस्नोवा को संयुक्त रूप से 75-75 हजार रुपये दिए गए। जलAI ने गांवों में असुरक्षित पेयजल की पहचान करने वाली AI और IoT तकनीक प्रस्तुत की, जबकि मॉस्नोवा ने काई आधारित टिकाऊ तकनीक दिखाई।
संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि IIT रुड़की विद्यार्थियों के विचारों को उद्योग और समाज के लिए उपयोगी समाधान में बदलने के अवसर उपलब्ध करा रहा है।





