उत्तराखंड

सैकड़ों कर्मचारियों ने परेड ग्राउंड से सचिवालय तक निकाली गर्जना रैली, 10 नवंबर से प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी

Admin Delhi 1
8 Oct 2022 12:40 PM GMT
सैकड़ों कर्मचारियों ने परेड ग्राउंड से सचिवालय तक निकाली गर्जना रैली, 10 नवंबर से प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी
x

देहरादून न्यूज़: उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारियों ने परेड ग्राउंड से सचिवालय तक गर्जना रैली निकाली। इस दौरान डाउन ग्रेड वेतन समेत कर्मचारियों की 20 सूत्री मांगों पर पर अनदेखी पर शासन व सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान सचिवालय से कुछ दूरी पर पुलिस ने बैरीकेंडिग लगाकर रैली को रोक दिया। इस दौरान कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की जमकर खींचतान हुई। कर्मचारियों ने मांगों पर सुनवाई न होने की दशा में 10 नवंबर से प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है। उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के सचिव संयोजक पूर्णानंद नौटियाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व समन्वय समिति के प्रान्तीय प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बैठक हुई थी। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा था कि जिन बिन्दुओं का समाधान एवं विसंगतियों का निराकरण विधानसभा चुनाव से पूर्व नही हो पाया है, उनका समाधान विधानसभा चुनाव के बाद पुनः सरकार बनने पर किया जाएगा। लेकिन शासन में अधिकारियों द्वारा राज्य कार्मिकों को पूर्व से दिये जा रहे ग्रेड वेतन को भारत सरकार की तर्ज पर डाउन ग्रेड वेतन का निर्णय कैबिनेट से पास कर लिया। इस निर्णय से प्रदेश के कर्मचारियों में रोष है।

राजकीय शिक्षक संघ नैनीताल की महिला उपाध्यक्ष संगीता जोशी ने कहा कि जिस प्रकार पूर्व में पुरानी पेंशन खत्म कर कर्मचारियों को तोड़ने की कोशिश की गई, उसी प्रकार डाउनग्रेड के माध्यम से कर्मचारी संगठनों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनसभा का संचालन शक्ति प्रसाद भट्ट और पंचम सिंह बिष्ट ने किया। इस मौके पर जगदीश सिंह बिष्ट मुख्य संयोजक नैनीताल, धीरेंद्र पाठक सह संयोजक, संगीता जोशी महिला उपाध्यक्ष जिला नैनीताल, नाजिम सिद्दीकी प्रदेश अध्यक्ष चतुर्थवर्गीय राज्य कर्मचारी महासंघ उत्तराखंड, हरकेश सिंह भारती महामंत्री चतुर्थवर्गीय राज्य कर्मचारी महासंघ उत्तराखंड, मोहन राम आर्य अध्यक्ष जनपद शाखा हल्द्वानी चतुर्थवर्गीय राज्य कर्मचारी महासंघ, रमेश गिरी अध्यक्ष, चतुर्थ श्रेणी वन कर्मचारी संघ हल्द्वानी, सुरेश यादव मुख्य सलाहकार चतुर्थवर्गीय राज्य कर्मचारी शाखा हल्द्वानी, चंद्र सिंह साही मंत्री चतुर्थ श्रेणी वन कर्मचारी संघ हल्द्वानी, मिनिस्ट्रियल फेडरेशन के महामंत्री मुकेश बहुगुणा, संयुक्त कर्मचारी परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण पांडे, एसएस चौहान, मुकेश रतूड़ी, विक्रम सिंह नेगी आदि रहे।

Next Story