उत्तराखंड

हिमालयी किसानों की बदलेगी किस्मत! सी-बकथॉर्न की खेती का मिला प्रशिक्षण

Admindelhi1
19 Nov 2026 11:36 AM IST
हिमालयी किसानों की बदलेगी किस्मत! सी-बकथॉर्न की खेती का मिला प्रशिक्षण
x
चमोली में 80 किसानों ने सीखी औषधीय पौधे की खेती, बढ़ेंगे स्वरोजगार के अवसर

ज्योतिर्मठ: उत्तराखंड के चमोली जिले में उच्च हिमालयी क्षेत्रों के किसानों की आजीविका मजबूत करने के लिए सी-बकथॉर्न (अमेश) की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से ज्योतिर्मठ के सुभाई गांव में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें 80 किसानों ने वैज्ञानिक खेती, पौधों के संरक्षण, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी प्राप्त की।

कार्यशाला का आयोजन हिमवाल सोसाइटी देहरादून ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के वित्तीय सहयोग से किया। इसमें रैगड़ी गांव के 15 महिला एवं पुरुष किसान भी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने सी-बकथॉर्न के औषधीय गुणों, पोषक तत्वों और हिमालयी पारिस्थितिकी में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी। डॉ. दीपिका डिमरी ने बताया कि ज्योतिर्मठ और नीति घाटी के गांवों में यह पौधा आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बन सकता है।

उद्यान विभाग के मंगत राज ने किसानों को पौध तैयार करने, रोपण और देखभाल की वैज्ञानिक विधियां समझाईं। प्रतिभागियों को क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

कार्यशाला के दूसरे दिन किसानों को सी-बकथॉर्न के फलों की तुड़ाई, सुरक्षित संग्रहण और प्रसंस्करण की तकनीक सिखाई गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इसके फलों से जूस, तेल, पल्प और पाउडर जैसे उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। साथ ही पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच बनाने पर भी चर्चा हुई।

समापन अवसर पर किसानों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अनिल फरस्वाण, वन पंचायत सरपंच ममता देवी और महिला मंगल दल अध्यक्ष तनुजा देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Next Story