
x
Dehradun. देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर गंभीर रूप ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि 25 सितंबर को कुमाऊं क्षेत्र में बादल छाए हुए हैं और कुछ स्थानों पर बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुमाऊं के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
सी.एस. तोमर के मुताबिक 26 सितंबर को कुमाऊं के कुछ स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उत्तराखंड में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और देहरादून समेत कई जिलों के लिए 26 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
27 सितंबर से बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से गढ़वाल मंडल में बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी में अत्यंत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। सी.एस. तोमर ने कहा कि मौसम को लेकर मुख्य अलर्ट 26 और 27 सितंबर के लिए है।
चारधाम यात्रा को लेकर भी मौसम विभाग ने यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। चमोली और रुद्रप्रयाग समेत यात्रा मार्ग से जुड़े क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान यात्राएं स्थगित की जाएं। जो यात्री पहले से यात्रा पर हैं, वे सुरक्षित स्थान पर रुकें और मौसम साफ होने के बाद ही आगे की यात्रा शुरू करें।
Next Story





