कबड्डी में हरिद्वार का डबल धमाका, बालक-बालिका दोनों टीमें बनीं चैंपियन

हरिद्वार: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय अनुसूचित जाति कबड्डी प्रतियोगिता में हरिद्वार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले की बालक और बालिका दोनों टीमों ने चैंपियन बनकर दोहरे खिताब पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमों ने भाग लिया। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरिद्वार की टीम ने ऊधमसिंह नगर को हराकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में हरिद्वार की बेटियों ने देहरादून की टीम को शिकस्त देकर चैंपियनशिप अपने नाम की।
दोनों वर्गों में हरिद्वार के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, मजबूत रणनीति और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम की इस सफलता में कोच गुलाब सिंह और गौरव कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की।
बालक और बालिका दोनों वर्गों में खिताबी जीत से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि ने जिले की खेल प्रतिभाओं की क्षमता को प्रदेश स्तर पर सामने लाया है।





