उत्तराखंड

Haridwar: हत्या केस में जमानत पर युवक ने की आत्महत्या

Admindelhi1
22 Nov 2025 11:44 AM IST
Haridwar: हत्या केस में जमानत पर युवक ने की आत्महत्या
x

हरिद्वार: लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसेड़ा खादर में एक 30 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार राहुल उम्र 30 वर्ष, वर्ष 2020 में दर्ज हत्या के मुकदमे में अभियुक्त था और करीब एक माह पूर्व ही जमानत पर जेल से रिहा हुआ था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राहुल पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से तनाव में था। जेल जाने के दौरान उसकी पत्नी बच्चों सहित देहरादून चली गई थी। बताया जा रहा है कि राहुल दो दिन पहले पत्नी को घर लाने देहरादून गया था, लेकिन पत्नी ने आने से इंकार कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी के मना करने से क्षुब्ध होकर युवक ने यह कदम उठाया।

कोतवाली लक्सर के एसएसआई लोकपाल परमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आत्महत्या के कारणों और इससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Next Story