उत्तराखंड

Haridwar: जलभराव से परेशान व्यापारियों ने सप्तऋषि क्षेत्र में डमरू बजाकर जताया विरोध

Admindelhi1
5 Sept 2026 10:35 AM IST
Haridwar: जलभराव से परेशान व्यापारियों ने सप्तऋषि क्षेत्र में डमरू बजाकर जताया विरोध
x
सीवर चौक और जलभराव से परेशान व्यापारी, डमरू बजाकर जताया आक्रोश

हरिद्वार: सप्तऋषि क्षेत्र में जलभराव, सीवर लाइन चौक होने और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या को लेकर स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने डमरू बजाकर प्रशासन को जगाने का प्रयास किया।

प्रदर्शन के दौरान अशोक शर्मा और करण राणा ने कहा कि 25 वर्षों से विकास के दावे हो रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति बदहाल है। यात्री बहुल सप्तऋषि क्षेत्र में जलभराव और सीवर चौक होने से स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है। गंदा पानी जमा होने से आवागमन बाधित है। आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि केवल चुनाव में दिखते हैं। चेतावनी दी कि स्थायी समाधान तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

पार्षद सुनील कुमार और सन्नी मल्होत्रा ने कहा कि प्रशासन व नगर निगम गहरी नींद में है, पूरे शहर में सड़कें खराब हैं जिससे लोग चोटिल हो रहे हैं।

स्थानीय व्यापारियों जितेंद्र सिंह और मनोज ने बताया कि जलभराव से कारोबार चौपट हो रहा है, ग्राहकों की आवाजाही बंद है और दुकान का किराया निकालना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में आश्रम और मंदिर हैं, जहां हजारों श्रद्धालु आते हैं, उन्हें सीवर के दूषित पानी से गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा है।

व्यापारियों ने सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने, जलभराव का स्थायी समाधान और सड़क मरम्मत की मांग की। इस दौरान मोहन चंद्र, सुनील शर्मा, अजय, कर्तव्य ममगई, विकास, अंकुश भाटिया सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

Next Story