उत्तराखंड

Haridwar: हनुमान मंदिर में चोरों का धावा, दानपात्र से साढ़े तीन लाख और चांदी के आभूषण चोरी

Admindelhi1
2 Sept 2026 10:41 AM IST
Haridwar: हनुमान मंदिर में चोरों का धावा, दानपात्र से साढ़े तीन लाख और चांदी के आभूषण चोरी
x
हनुमान मंदिर में बड़ी वारदात, डेढ़ किलो चांदी के आभूषण समेत नकदी चोरी

हरिद्वार: बहादराबाद क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में मंगलवार को चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के दानपात्र से करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी और भगवान हनुमान के श्रृंगार में इस्तेमाल होने वाले करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के हार एवं पैरों के कड़े चोरी कर ले गए।

मंदिर के मुख्य पुजारी अमरनाथ शर्मा ने घटना की जानकारी कोतवाली बहादराबाद पुलिस को लिखित तहरीर देकर दी है। चोरी की सूचना मिलने के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में चोरी की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले भी चोर मंदिर को निशाना बना चुके हैं, लेकिन पिछली घटना का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। लगातार दूसरी चोरी के बाद लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

सूचना मिलने पर बहादराबाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मंदिर तक आने-जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है। पुलिस संदिग्धों के साथ ही पूर्व में मंदिर चोरी की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

लगातार दूसरी चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी की नकदी एवं चांदी के आभूषण बरामद करने की मांग की है।

Next Story