
हरिद्वार: जनसेवा, सुशासन और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसका शुभारंभ 17 सितंबर को होगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। सीडीओ ने अधिकारियों को व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि अभियान का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवा और सुशासन की भावना को आमजन तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।
अभियान के तहत सेवा दीप, मेरे सपनों का भारत, सेवा कार्य, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा हेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी गतिविधियां होंगी।
विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, जनसंवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सीडीओ ने कहा कि कार्यक्रम औपचारिकता तक सीमित न रहें।
बैठक में एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार, एडीएम वित्त वैभव गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





