उत्तराखंड

Haridwar: हरिद्वार में गंगा उफान पर, निचले क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह

Admindelhi1
10 July 2026 6:54 PM IST
Haridwar: हरिद्वार में गंगा उफान पर, निचले क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह
x
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील

हरिद्वार: पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब हरिद्वार में भी साफ दिखाई देने लगा है। भीमगोड़ा बैराज पर शुक्रवार दोपहर गंगा का जलस्तर बढ़कर 291.10 मीटर दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर से ऊपर है। हालांकि यह अभी 293 मीटर के चेतावनी स्तर से नीचे है, लेकिन लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी भारी बारिश के अलर्ट के बीच पिछले तीन दिनों से प्रदेशभर में वर्षा जारी है। इसके चलते हरिद्वार में सोलानी, बाणगंगा और पथरी रौह नदी भी उफान पर हैं। जिला प्रशासन, यूपी सिंचाई विभाग और बाढ़ नियंत्रण कक्ष लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं तथा हर घंटे स्थिति की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

गंगा से सटे निचले इलाकों और गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों से गंगा किनारे न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है। बाढ़ चौकियों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं लक्सर और खानपुर क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और खेतों के आसपास पानी भर गया है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तटबंध के टूटने की सूचना नहीं है। हालांकि बीते दिन पानी में फंसे पिता-पुत्र को एसडीआरएफ ने सुरक्षित रेस्क्यू किया था।

इसके अलावा लालढांग क्षेत्र के कई गांवों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। निर्माणाधीन हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे और उफनाई रवासन नदी के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। प्रशासन ने कहा है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Next Story