उत्तराखंड

Haridwar: ड्यूटी में अनियमितता पर शिक्षकों का आक्रोश

Admindelhi1
24 April 2026 7:11 PM IST
Haridwar: ड्यूटी में अनियमितता पर शिक्षकों का आक्रोश
x

हरिद्वार: जनगणना कार्य को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों शिक्षकों ने तहसील हरिद्वार और नगर निगम पहुंचकर जनगणना ड्यूटी में हुई गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन किया और अधिकारियों का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन, ब्लॉक बहादराबाद के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षकों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी निर्धारण में गंभीर अनियमितताएं बरती गई हैं। शिक्षकों को उनके सेवित क्षेत्र के बजाय 30-40 किलोमीटर दूर तैनात कर दिया गया है, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था से जनगणना कार्य भी प्रभावित होगा।

शिक्षकों ने बताया कि कई विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों तक की ड्यूटी जनगणना में लगा दी गई है, जिससे विद्यालय संचालन बाधित हो रहा है और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

भीषण गर्मी का हवाला देते हुए शिक्षकों ने कहा कि एक साथ विद्यालय और घर-घर जाकर जनगणना कार्य करना संभव नहीं है। उन्होंने मांग की कि जनगणना ड्यूटी में लगे शिक्षकों को विद्यालय से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे जिम्मेदारी के साथ कार्य को समय पर पूरा कर सकें। शिक्षकों ने मध्याह्न भोजन योजना का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि यदि सभी शिक्षक जनगणना कार्य में लगा दिए जाएंगे तो मिड-डे मील व्यवस्था बाधित होगी, जो कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के विपरीत है।

ब्लॉक अध्यक्ष अमर क्रांति, ब्लॉक महामंत्री चन्द्रकान्त विष्ट और ब्लॉक कोषाध्यक्ष मो. युसुफ सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से तत्काल ड्यूटी में संशोधन करने की मांग की है। ऐसा न होने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. शिवा अग्रवाल, रवि कुमार गोस्वामी, शरद भारद्वाज, अतुल कुमार, अमरेश कुमार जसविंदर सिंह ममता नेगी,बाला नेगी, गीतांजलि, सुनीता रावत सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Next Story