उत्तराखंड

Haridwar: वन्यजीवों के साथ सेल्फी लेना पड़ा भारी, हाथियों से बचकर भागे युवक

Admindelhi1
25 Jun 2026 4:30 PM IST
Haridwar: वन्यजीवों के साथ सेल्फी लेना पड़ा भारी, हाथियों से बचकर भागे युवक
x

हरिद्वार: छह युवकों को वन्यजीवों के साथ सेल्फी लेना और वीडियो बनाना उस समय भारी पड़ गया,जब वे सप्तऋषि घाट क्षेत्र में गंगा पार कर हाथियों के झुंड के करीब पहुंच गए। हाथियों के आक्रामक होने पर युवकों को जान बचाकर भागना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,गंगा स्नान के लिए आए छह युवक सप्तऋषि घाट के सामने गंगा में नहा रहे थे। इसी दौरान उन्हें नदी के दूसरी ओर आठ से दस हाथियों का झुंड दिखाई दिया, जिसमें एक शिशु हाथी भी शामिल था। रोमांच और सेल्फी के शौक में युवक गंगा पार कर हाथियों के काफी करीब पहुंच गए और फोटो तथा वीडियो बनाने लगे।

बताया गया है कि युवकों की गतिविधियों से हाथी सतर्क हो गए और झुंड के कुछ हाथी उनकी ओर दौड़ पड़े। हाथियों को अपनी तरफ आते देख युवकों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। दो युवक हाथियों के काफी करीब पहुंच गए थे, जिससे कुछ समय के लिए उनकी जान पर खतरा मंडरा गया। हालांकि वे तेजी से भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में सफल रहे।

घटना के दौरान सप्तऋषि घाट पर मौजूद एक युवक ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों ने संबंधित युवकों को फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

वन रेंज अधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेजा गया। उन्होंने लोगों से वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बिना अनुमति वन क्षेत्र में प्रवेश करना और वन्यजीवों के करीब जाना अत्यंत खतरनाक है। उन्होंने कहा कि शिशु हाथियों के साथ मौजूद झुंड सामान्यतः अधिक संवेदनशील और आक्रामक हो सकता है।

Next Story