उत्तराखंड

Haridwar: राष्ट्रीय खेल दिवस पर छात्रों ने दिखाया दमखम, गुरुकुल कांगड़ी में कबड्डी प्रतियोगिता

Admindelhi1
29 Aug 2026 6:57 PM IST
Haridwar: राष्ट्रीय खेल दिवस पर छात्रों ने दिखाया दमखम, गुरुकुल कांगड़ी में कबड्डी प्रतियोगिता
x
कबड्डी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया जोश, राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतियोगिता

हरिद्वार: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय, हरिद्वार के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग की ओर से दयानंद स्टेडियम परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने कहा कि खेल जीवन जीने का तरीका सिखाने के साथ स्वास्थ्य की बेहतरी, करियर की संभावनाएं और लक्ष्य प्राप्ति के मार्ग में आने वाली चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल संस्कृति का विकास युवाओं की समग्र समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं हॉकी कोच दुष्यंत सिंह राणा ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और मैत्री कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में डॉ. कपिल मिश्रा के निर्णायकत्व में बीपीएड की टीम ने प्रथम तथा बीपीईएस की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता में एमपीएड प्रशिक्षुओं ने बीपीएड प्रशिक्षुओं को 25-16 के अंतर से पराजित किया।

कार्यक्रम में प्रभारी डॉ. अजय मलिक, डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. कपिल मिश्रा, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. प्रणवीर सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार, कुलभूषण शर्मा, सुनील कुमार, दुष्यंत सिंह राणा, अश्वनी कुमार, कुलदीप चंद रतूड़ी सहित विभिन्न संकायों के छात्र एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

कन्या गुरुकुल परिसर में भी हुए कार्यक्रम

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कन्या गुरुकुल परिसर, हरिद्वार में भी खेल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डॉ. बिंदु मलिक के संयोजन में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

Next Story