उत्तराखंड

Haridwar: पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता बरतने के डीएम के सख्त निर्देश

Admindelhi1
7 Aug 2026 5:36 PM IST
Haridwar: पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता बरतने के डीएम के सख्त निर्देश
x
गहन पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

हरिद्वार: जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद किया और एसआईआर की प्रगति के साथ-साथ जारी नोटिसों के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर के तहत मतदाताओं को जारी नोटिसों पर प्राप्त आपत्तियों एवं प्रस्तुत अभिलेखों की सुनवाई प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित एआरओ और बीएलओ को निर्देश दिए कि सभी मामलों में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी मतदाता को किसी प्रकार की विसंगति या अनमैपिंग के संबंध में नोटिस प्राप्त होता है तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैध अभिलेखों में से कोई भी एक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा और उसकी समस्या का नियमानुसार समाधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा रही है। इस प्रक्रिया में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का भी सकारात्मक सहयोग मिल रहा है, जिससे इसकी विश्वसनीयता और पारदर्शिता और मजबूत हुई है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता को आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए तथा सभी मामलों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, संबंधित एआरओ, बीएलओ तथा क्षेत्र के मतदाता भी उपस्थित रहे।

Next Story