उत्तराखंड

Haridwar: नॉनवेज दुकानों को हटाने की मांग पर सख्ती, दुकानों को हटाने की मांग पर गरमाई राजनीति

Admindelhi1
20 Jun 2026 8:59 AM IST
Haridwar: नॉनवेज दुकानों को हटाने की मांग पर सख्ती, दुकानों को हटाने की मांग पर गरमाई राजनीति
x
हिंदू क्रांति दल ने नॉनवेज दुकान हटाने की उठाई मांग

हरिद्वार: हिंदू क्रांति दल ने नगर निगम के नगर आयुक्त नंदन कुमार को ज्ञापन सौंपकर ज्वालापुर क्षेत्र में संचालित नॉनवेज दुकानों को सराय रोड स्थित एक्कड़ क्षेत्र में बनी नई दुकानों में स्थानांतरित करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में पूर्व में ही नॉनवेज कारोबार को सराय रोड एक्कड़ क्षेत्र में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद लंबे समय से इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि लगभग 60 दुकानें बनकर तैयार हैं।

हिंदू क्रांति दल ने आरोप लगाया कि धर्मनगरी के ज्वालापुर क्षेत्र में बिना अनुमति के लगातार पशुओं का वध किया जा रहा है, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। संगठन ने मांग की कि सभी नॉनवेज दुकानों को निर्धारित स्थान पर शीघ्र स्थानांतरित किया जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश सचिव कैप्टन विपिन जोशी, जिला अध्यक्ष राजेश चौहान उर्फ बक्शी, युवा मोर्चा अध्यक्ष कमल उनियाल, जिला कोषाध्यक्ष विशाल चौहान, राजेंद्र सिंह और अजय थापा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Next Story