उत्तराखंड

Haridwar: एसएसपी ने सैनिक सम्मेलन में जवानों से किया सीधा संवाद

Admindelhi1
20 Jun 2026 2:32 PM IST
Haridwar: एसएसपी ने सैनिक सम्मेलन में जवानों से किया सीधा संवाद
x

हरिद्वार: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने शनिवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित कर जवानों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एक अभिभावक की भूमिका निभाते हुए पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

सम्मेलन में मौजूद पुलिसकर्मियों से उनकी कुशलक्षेम पूछने के बाद एसएसपी ने उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली। जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव था, उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के अंत में एसएसपी नवनीत सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इन जवानों को मई 2026 के लिए पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। अपराधों के खुलासे, जटिल मामलों के अनावरण तथा जनहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें प्रशस्ति प्रदान की गई।

एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सम्मानित जवानों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और कार्यकुशलता के साथ सेवा करने का आह्वान किया।

सम्मानित होने वालों में विभिन्न थाना, चौकी, साइबर सेल, फायर सर्विस, अभिसूचना इकाई, पीएसी तथा पुलिस दूरसंचार के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की।

Next Story