उत्तराखंड

Haridwar: बहादुर रॉक्सी के निधन पर सुरक्षा बलों में शोक

Admindelhi1
20 May 2026 6:54 PM IST
Haridwar: बहादुर रॉक्सी के निधन पर सुरक्षा बलों में शोक
x
रॉक्सी को अंतिम विदाई, सुरक्षा बलों ने दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार: पुलिस परिवार के लिए आज का दिन बेहद भावुक रहा, जब पुलिस विभाग की कर्तव्यनिष्ठ एवं प्रशिक्षित श्वान रॉक्सी को पुलिस लाइन रोशनाबाद में पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई।

विस्फोटक एवं बारूदी पदार्थों का पता लगाने में दक्ष रॉक्सी ने अपने सेवाकाल में कुंभ मेला, कांवड़ मेला, हरकी पैड़ी, पुरानी कलियर सहित कई बड़े आयोजनों और संवेदनशील स्थलों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अपनी सूंघने की अद्भुत क्षमता और सतर्कता के दम पर उसने अनेक सुरक्षा अभियानों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

करीब 12 वर्षों तक रॉक्सी ने पुलिस विभाग में पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। वीआईपी ड्यूटी, चेकिंग अभियान और संवेदनशील आयोजनों में उसकी भूमिका हमेशा सराहनीय रही। अंतिम सलामी कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक, बीडीएस स्टाफ एवं पुलिस कर्मचारियों ने रॉक्सी को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उसकी सेवाओं को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस श्वान केवल सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं होते, बल्कि पुलिस परिवार के अभिन्न सदस्य होते हैं, जो हर परिस्थिति में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि रॉक्सी की बहादुरी, सतर्कता और समर्पण को हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद किया जाएगा।

Next Story