उत्तराखंड

Haridwar: एसडीआरएफ के रेस्क्यू से दो युवकों को मिला जीवनदान

Admindelhi1
1 Aug 2026 9:32 AM IST
Haridwar: एसडीआरएफ के रेस्क्यू से दो युवकों को मिला जीवनदान
x
गंगा में डूबते युवकों को एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

हरिद्वार: कांवड़ मेले के दौरान कांगड़ा घाट पर तैनात एसडीआरएफ उत्तराखण्ड की टीम ने अपनी सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और उत्कृष्ट रेस्क्यू कौशल का परिचय देते हुए गंगा में डूब रहे दो युवकों को सकुशल बचा लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू से दो बड़े हादसे टल गए। पहली घटना में झांसी निवासी सुधीश ठाकुर (18 वर्ष) स्नान करते समय गंगा की तेज धारा में फंस गए। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ जवानों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया।

वहीं दूसरी घटना में बागपत निवासी राहुल (28 वर्ष) गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए। एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। रेस्क्यू के बाद दोनों युवकों ने एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके साहस, त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।

एसडीआरएफ ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें, गहरे पानी में जाने से बचें तथा सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Next Story