उत्तराखंड

Haridwar: फेसबुक पर दहशत फैलाने वाला सालम हुक्का गैंग से पकड़ा गया

Admindelhi1
14 March 2026 7:18 PM IST
Haridwar: फेसबुक पर दहशत फैलाने वाला सालम हुक्का गैंग से पकड़ा गया
x

हरिद्वार: लक्सर क्षेत्र में सक्रिय हुक्का गैंग के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक के जरिए दुष्प्रचार फैलाने और गैंग के सदस्यों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने का काम करता था।

पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि हाल ही में क्षेत्र में हुई हत्या के प्रयास की घटना के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार देर रात कुआखेड़ा मार्ग पर ग्राम भूरनी के पास गश्त के दौरान उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी और मुख्य आरक्षी मीनान की टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पकड़े गए आरोपित की पहचान सालम पुत्र जहीर हसन निवासी घिस्सोपुरा, थाना मंगलौर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह विशाल पुत्र मुकेश के नेतृत्व में चल रहे ‘हुक्का गैंग’ का सक्रिय सदस्य है। उसका काम गैंग के लिए अवैध असलहे की व्यवस्था करना और जरूरत पड़ने पर उन्हें उपलब्ध कराना था।

निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि गैंग में कार्तिक, गुरमीत, अक्षय, आयान, गांधी और अनुज कश्यप भी शामिल हैं। गैंग के सदस्य सोशल मीडिया के जरिए लोगों को धमकाने और क्षेत्र में दबदबा बनाने की कोशिश कर रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग के सदस्यों ने एक युवक से कथित वीडियो क्लिप के नाम पर पैसे मांगकर दबाव बनाया था। विरोध करने पर 10 मार्च की रात दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आरोपित नगला खिताब गांव पहुंचे और गौरव नामक युवक के घर के बाहर फायरिंग कर दी हालांकि घटना में गौरव बाल-बाल बच गया, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई।

घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार को गिरफ्तार आरोपित सालम को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Next Story