Haridwar: डाक कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षा सलाह, नदी-नालों के तेज बहाव से रहें दूर

हरिद्वार: हरिद्वार में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिला प्रशासन ने डाक कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए डाक कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव की स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने गंगा घाटों पर तैनात पुलिस और सुरक्षा बलों को अलर्ट रहने तथा संवेदनशील घाटों और जोखिम वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कांवड़ यात्रा मार्गों और गंगा घाटों पर जलस्तर तथा मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान कांवड़िये गंगा में स्नान करने और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी स्थान पर खतरा बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित कर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने भारी बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचें और आवश्यकता के अनुसार पंप तथा अन्य संसाधनों का इस्तेमाल कर जल निकासी शुरू करें, ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों को परेशानी न हो।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अलर्ट रहने के निर्देश दिए। बारिश के कारण जिले में किसी भी घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने को कहा गया, ताकि राहत और बचाव कार्य में देरी न हो।
जिला प्रशासन की ओर से गंगा घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों से अपील की कि वे मौसम खराब होने पर जल्दबाजी न करें, तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।





