उत्तराखंड

Haridwar: सेवा में सहभागी बनने साधक जन्मशताब्दी कार्यक्रम में पहुंचे

Admindelhi1
14 Nov 2025 11:51 AM IST
Haridwar: सेवा में सहभागी बनने साधक जन्मशताब्दी कार्यक्रम में पहुंचे
x

हरिद्वार: अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से जनवरी 2026 में बैरागी द्वीप में भव्य जन्मशताब्दी समारोह होने जा रहा है। इस समारोह की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। छत्तीसगढ़, बिहार, झारखण्ड, गुजरात सहित अनेक राज्यों के स्वयंसेवक पहुंचने लगे हैं। इनमें उच्च प्रशिक्षित व आईटी प्रोफेशनल भी शामिल हैं। ये स्वयंसेवक जन्मशताब्दी समारोह स्थल में अगले ढाई माह तक श्रमदान करेंगे।

जनवरी में गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं.श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना के सौ साल, माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और सिद्ध अखंड दीपक का शताब्दी वर्ष मनाया जाना है। समारोह की तैयारी के लिए शांतिकुंज व देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिवार सहित देश विदेश के गायत्री परिवार पूर्ण मनोयोगपूर्वक जुट गये हैं। तैयारियों में भाग लेने के लिए यूरोप के कई देशों के गायत्री परिवार के कार्यकर्त्ता अपने गुरुधाम पहुंच चुके हैं, तो वहीं कई देशों के गायत्री साधक निकट भविष्य में आ रहे हैं।

शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने बताया कि गायत्री परिवार प्रमुखद्वय डॉ प्रणव पण्ड्या एवं शैलदीदी के मार्गदर्शन में बैरागी द्वीप में कार्यक्रम स्थल का समतलीकरण सहित निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। श्रमदान के दूसरे दिन महिला मण्डल की प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या ने अपनी टीम के साथ सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

जन्मशताब्दी समारोह के समन्वयक श्याम बिहारी दुबे ने बताया कि श्रमदान के दूसरे दिन शांतिकुंज कार्यकर्त्ताओं सहित देश-विदेश के कोने-कोने से आये हजारों साधकों ने निर्माण कार्य में जमकर पसीना बहा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सेवादानियों के लिए भोजन आदि की व्यवस्था भी कार्यक्रम स्थल पर बनाई जा रही है।

Next Story