उत्तराखंड

Haridwar: कनखल में लोनिवि टीम पर हमला, अतिक्रमण चिन्हीकरण के दौरान चार कर्मचारी घायल

Admindelhi1
25 Aug 2026 5:15 PM IST
Haridwar: कनखल में लोनिवि टीम पर हमला, अतिक्रमण चिन्हीकरण के दौरान चार कर्मचारी घायल
x
अतिक्रमण चिन्हीकरण के दौरान विवाद बढ़ा, लोनिवि के चार कर्मचारियों से मारपीट

हरिद्वार: कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत कनखल क्षेत्र में अतिक्रमण चिन्हीकरण करने पहुंची लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीम के साथ कथित मारपीट मामले में विभागीय अधिकारियों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लोनिवि के अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती ने कनखल कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि कुंभ मेले की तैयारियों के तहत विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम से ज्वालापुर की ओर प्रस्तावित मार्ग का सोमवार शाम चिन्हीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से जुड़े क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति का चिन्हीकरण करने इंदिरा बस्ती पहुंची थी।तहरीर के अनुसार, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विभागीय टीम के काम का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि राकेश पुत्र ओमपाल, संजीव, राजीव, इंद्रावती समेत अन्य लोगों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और मारपीट की। विरोध कर रहे लोगों पर टीम के ऊपर ईंट-पत्थर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है।

कथित मारपीट में अपर सहायक अभियंता चंद्र लाल भारती, अमीन मेनपाल सिंह, सपना रतूड़ी और चालक वीरेंद्र के घायल होने की बात कही गई है। घटना के बाद टीम को काम रोकना पड़ा।

विभागीय अधिकारियों ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान सरकारी अभिलेख, डायरी और भूमि से संबंधित दस्तावेज भी कथित रूप से छीन लिए गए। मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। विभाग ने नामजद लोगों के अलावा घटना में शामिल अन्य आरोपितों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

वायरल वीडियो से आरोपितों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग लोनिवि की टीम के साथ कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो विभागीय कर्मचारियों ने बनाया था। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

लोनिवि के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने कहा कि विभागीय टीम अतिक्रमण की मार्किंग के लिए गई थी, जहां कुछ लोगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की। उन्होंने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कनखल कोतवाली के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Story