उत्तराखंड

Haridwar: नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को मिला समर्थन

Admindelhi1
27 Jun 2026 11:37 AM IST
Haridwar: नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को मिला समर्थन
x
शिविर में नशे से होने वाले नुकसान की दी गई जानकारी

हरिद्वार: नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पुलिस लाइन रोशनाबाद में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेन्द्र दत्त के निर्देश पर आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और विभिन्न नशा मुक्ति केंद्रों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। शिविर में नशा मुक्ति केंद्रों के प्रतिभागियों और प्रशिक्षणरत पुलिस कांस्टेबलों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साथ ही टीबी, एचआईवी सहित विभिन्न रोगों की जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन ) ज्योति बाला ने प्रतिभागियों को एनडीपीएस अधिनियम, नालसा डॉन स्कीम-2025 और संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान लॉ इंटर्न्स ने नशामुक्ति विषय पर कविताएं प्रस्तुत कीं और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। नालसा और पुलिस विभाग द्वारा तैयार नशा मुक्ति संबंधी वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और लॉ इंटर्न्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग के डॉ. हेमंत खर्कवाल, सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, आरआई प्रवीण आलोक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी, डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, रीटेनर अधिवक्ता सीमा, पीएलवी और पुलिस लाइन के प्रशिक्षणरत कांस्टेबल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रमन कुमार सैनी ने किया।

Next Story