उत्तराखंड

Haridwar: ज्वेलर्स लूट मामले में पुलिस की बड़ी सफलता, तीन आरोपी दबोचे

Admindelhi1
26 Aug 2026 3:22 PM IST
Haridwar: ज्वेलर्स लूट मामले में पुलिस की बड़ी सफलता, तीन आरोपी दबोचे
x
ज्वेलर्स के साथ हुई लूट का खुलासा, पुलिस ने तीन लुटेरों को पकड़ा

हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में ज्वेलर्स से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के सिक्के, मूर्ति, पेंडल, एप्पल आईफोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैग तथा वारदात में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को प्रदीप कुमार शर्मा निवासी शिवलोक कॉलोनी फेज-3, रानीपुर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि रात के समय तीन बदमाशों ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया और शिवलोक कॉलोनी के पास उनका बैग लूट लिया। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, एप्पल आईफोन, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रानीपुर कोतवाली पुलिस की टीमों ने जांच शुरू की। सीआईयू हरिद्वार की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीएचईएल के मटेरियल गेट के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। बाइक पर सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान रितिक उर्फ टोपो (22), सौरभ (19) और राजीव सैनी उर्फ सागर (21) के रूप में हुई।

पूछताछ में सामने आई वारदात की कहानी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी। दुकान का सामान लेने के लिए कनखल आने-जाने के दौरान उन्होंने ज्वेलर्स पर नजर रखनी शुरू की। आरोपियों के अनुसार, उन्होंने 11 अगस्त को भी ज्वेलर्स का पीछा किया था, लेकिन उस दिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

इसके बाद 21 अगस्त को तीनों ने ज्वेलर्स का पीछा करते हुए शिवलोक कॉलोनी तक पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कैंची से बैग का पट्टा काटकर बैग छीन लिया। पीड़ित द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ छीना-झपटी की और कैंची से वार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे लूटे गए सामान को राजा गार्डन, जगजीतपुर स्थित रितिक के कमरे में ले गए।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने कमरे की तलाशी लेकर लूटा गया सामान बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। वहीं आपराधिक षड्यंत्र के संबंध में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

आरोपितों का आपराधिक इतिहास

रितिक उर्फ टोपो के खिलाफ पूर्व में तीन मुकदमें दर्ज हैं। वहीं सौरभ और राजीव सैनी उर्फ सागर के खिलाफ वर्तमान मामले में भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस की इस कार्रवाई से लूट की घटना का खुलासा होने के साथ ही पीड़ित का अधिकांश सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।

Next Story